पौड़ी , मई 27 -- उत्तराखंड के पौड़ी में चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विकासखंड पोखड़ा मुख्यालय में आयोजित सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अवसर पर बुधवार को बहुउद्देशीय शिविर एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक सतपाल महाराज ने शिरकत करते हुए क्षेत्र के लिए करोड़ों रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं की जानकारी साझा की तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्री सतपाल महाराज ने किया। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया। शिविर में 20 दिव्यांगजनों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए, जबकि 150 लोगों की स्वास्थ्य जांच भी की गई।
मंत्री ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र में पेयजल, सड़क, शिक्षा, पर्यटन, सिंचाई और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में व्यापक कार्य किए गए हैं। उन्होंने बताया कि बरसुंडा देवता ग्राम समूह पंपिंग पेयजल योजना के लिए 29.83 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिससे 40 गांवों एवं तोकों को लाभ मिलेगा। वहीं जल जीवन मिशन के तहत 44 गांवों को पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने के लिए 29.60 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाएं संचालित की गई हैं।
उन्होंने बताया कि विकासखंड क्षेत्र में पंचायत भवनों के निर्माण एवं मरम्मत, सड़कों के निर्माण व डामरीकरण, सिंचाई योजनाओं और ग्रामीण संपर्क मार्गों पर भी बड़े स्तर पर कार्य किए गए हैं। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए चौबट्टाखाल में 24 बेड क्षमता वाले पर्यटक आवास गृह का निर्माण कराया जा रहा है, जबकि शिक्षा क्षेत्र में विद्यालयों और राजकीय डिग्री कॉलेज के लिए भी बजट स्वीकृत किया गया है।
मंत्री ने कहा कि महिला मंगल दलों और युवक मंगल दलों को विभिन्न योजनाओं के तहत आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। साथ ही पोखड़ा में मिनी स्टेडियम का निर्माण और उसके विस्तार के लिए अतिरिक्त धनराशि भी स्वीकृत की गई है।
कार्यक्रम के सांस्कृतिक सत्र में लोक गायिका पूनम सती, महिमा उनियाल, लोक गायक सौरव मैठाणी, ब्रह्म कमल सांस्कृतिक दल की अभिमन्यु लीला, देव क्रिएशन ग्रुप तथा स्थानीय कलाकारों ने रंगारंग प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित