अलवर , फरवरी 14 -- राजस्थान में अलवर जिले के रामगढ़ उपखण्ड क्षेत्र के औडेला गांव में खान में दबे पोकलेन मशीन संचालक का शव शनिवार को निकाल लिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ओडेला गांव के समीप लीज की खान में छह फरवरी को खनन के दौरान किये गये भारी विस्फोट से पहाड़ से करीब 50 हजार टन मलबा पोपलेन मशीन और संचालक रामानंद पर गिरा। इससे रामानंद दो सौ फुट से गहरी खाई में भरे पानी में मलबे के साथ दब गया था। बचाव दलों ने लगातार प्रयास से पोपलेन मशीन चौथे दिन निकाल ली थी, लेकिन खाई में दबे संचालक का पता नहीं चल पाया।

सूत्रों ने बताया कि उसके बाद खाई से बड़ी मोटरों के जरिए पानी निकालने का कार्य शुरू किया गया और आठवें दिन मशीनों से मलबे को भी हटाने का कार्य शुरू किया गया। आज बचाव दल को सफलता मिली और रामानंद का शव पूर्वाह्न 11 बजे तलाश करके निकाल लिया गया।

इसके बाद तुरंत ही उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए रामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लाया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित