जोधपुर , अगस्त 27 -- राजस्थान के जैसलमेर जिले में पोकरण के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंदीलाल गुचिया ने गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया।
श्री गुचिया के भाजपा में शामिल होने पर केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने यहां सांसद सेवा केन्द्र में भाजपा का दुपट्टा पहनाकर उनका स्वागत किया।
ग्यारह वर्षों तक पोकरण नगर पालिका के अध्यक्ष रहे श्री गुचिया गुरुवार दोपहर सांसद सेवा केन्द्र पहुंचे जहां भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं नेताओं की मौजूदगी में उन्हें भाजपा की सदस्यता ग्रहण करायी गयी। श्री शेखावत ने गुचिया का मुंह मीठा करवाकर नयी राजनीतिक यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर पोकरण विधायक महंत प्रतापपुरी महाराज, भाजपा प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी, वरिष्ठ नेता ओंकार सिंह लखावत, रोहिट प्रधान रश्मि सिंह, जैसलमेर भाजपा जिलाध्यक्ष दलपत सिंह हिंगड़ा सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं नेता मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित