यमुनानगर , अक्टूबर 03 -- हरियाणा के यमुनानगर जिले में छछरौली थाना क्षेत्र के गांव जयधर के पास खेत में शव मिलने के मामले में पुलिस की अपराध शाखा ने मृतक के दोस्त को ही हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। हत्या की यह वारदात पैसों के लेन-देन के विवाद में अंजाम दी गयी थी।

उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) रजत गुलिया ने पत्रकारों को बताया कि 30 सितंबर को गांव जयधर के खेतों में चुना भट्टी (जगाधरी) निवासी इरफान का शव लावारिस हालत में मिला था, जिस पर चोट के गंभीर निशान थे।

इस संबंध में छछरौली थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।

मामले की गंभीरता के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के निर्देशों पर अपराध शाखा-1 के प्रभारी राज कुमार के नेतृत्व में उप निरीक्षक सोनू, कपिल, मुख्य सिपाही मुकेश कुमार, जगीर सिंह, दीपक और मोनू की एक विशेष टीम का गठन किया गया।

टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर दादूपुर हेड रोड के पास से मुख्य आरोपी राकेश कुमार निवासी गांव खारवन को गिरफ्तार कर लिया।

गहन पूछताछ के दौरान आरोपी राकेश ने अपना अपराध कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह और इरफान लंबे समय से दोस्त थे और उनके बीच पैसों का लेन-देन चल रहा था। इसी बात को लेकर हुए विवाद में उसने इरफान की हत्या कर दी थी।

पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी, ताकि वारदात में इस्तेमाल हथियार एवं अन्य साक्ष्य बरामद किये जा सकें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित