बैतूल , मई 25 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले की सारणी पुलिस ने पैसों के लेन-देन को लेकर कथित प्रताड़ना से युवक की आत्महत्या के मामले में एक आरोपी को भोपाल से गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार 4 मई 2026 को थाना सारणी क्षेत्र के सुपर डी-358 में रोहित विश्वकर्मा (36) की मौत की सूचना मिली थी। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई। घटनास्थल से पुलिस को दो सुसाइड नोट, तीन पत्र और एक डायरी मिली, जिन्हें जब्त किया गया।
जांच में सामने आया कि सोनू कश्मीरा, अमर सिंह राणा, आरिफ खान, ललित मालवीय, आदर्श वास्तव, दीपक कुशवाह, राजेश अग्रवाल, रिशभ और मयूब पाल उर्फ मयूर द्वारा मृतक को पैसों के लेन-देन को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोपियों पर झूठे प्रकरण में फंसाने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी हैं।
पुलिस के अनुसार मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर रोहित विश्वकर्मा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर सारणी पुलिस ने आरोपी लक्की उर्फ ललित मालवीय (27) निवासी कृष्णानगर, खजुरीकला, भोपाल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। मामले के अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित