सोनीपत , जून 22 -- हरियाणा में सोनीपत जिले के खुबदू गांव के खेतों में सोमवार को पुलिस के साथ मुठभेड़ में कुख्यात गैंगस्टर गोपाल मारा गया। मुठभेड़ में सीआईए-1 के हेड कांस्टेबल देवेंद्र के हाथ में गोली लगने से वह घायल हो गये। उनका खानपुर स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक अत्याल गांव निवासी गोपाल दो हत्या के मामलों में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था। वह मार्च 2026 में पैरोल पर जेल से बाहर आया था, लेकिन 30 मई को निर्धारित तिथि पर वापस जेल नहीं लौटा और फरार हो गया था। पुलिस का दावा है कि पैरोल के दौरान वह सोनीपत और पानीपत क्षेत्र में कई आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा।
पुलिस को सूचना मिली थी कि गोपाल इलाके में सक्रिय है और एक अन्य हत्या की साजिश रच रहा है। खुफिया जानकारी के आधार पर सीआईए-1 और गन्नौर पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार सुबह करीब छह बजे खुबदू गांव के पास खेतों में घेराबंदी की। खुद को घिरा देखकर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
गोलीबारी के दौरान हेड कांस्टेबल देवेंद्र घायल हो गये। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गोपाल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत खानपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित