उदयपुर , अप्रैल 06 -- राजस्थान में उदयपुर में मेवाड़ टूरिजम कप-2026 के खिताब पर सोमवार को हुए फाइनल में पैरेलल होटल ने ताज लेक पैलेस को हराकर खिताब पर कब्जा जमाया।

आयोजन सचिव यदुराज सिंह कृष्णावत ने बताया कि फाइनल में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ताज लेक पैलेस की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 141 रन बनाएं। ताज लेक पैलेस की ओर से कृष ने अर्ध शतक के साथ 51 रन और जोरावर सिंह झाला ने 24 रनों का योगदान दिया। पैरेलल होटल की ओर से राहुल और ओपी जांगिड़ ने दो-दो विकेट हासिल किया।

जवाब में पैरेलल होटल ने निर्धारित लक्ष्य को 19.4 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। पैरेलल होटल की ओर से जयेश जांगिड़ ने 31 रन और ओपी जांगिड़ ने 29 रनों का योगदान दिया। ताज लेक पैलेस की ओर से सुरेंद्र सिंह ने दो विकेट हासिल किया। हरफनमौला खेल के आधार पर इस फाइनल मैच के मैन ऑफ द मैच पैरेलल होटल के ओपी जांगिड़ चुने गए।

होटल्स की प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज होटल फेयरमोंट के मोहनलाल मीणा जबकि सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज होटल ट्राइडेंट के रोहित रावत चुने गए। प्रतियोगिता के मैन ऑफ द सीरीज ताज लेक पैलेस के कृष को चुना गया।

समापन समारोह में अतिथि के रूप में लोकेंद्र सिंह राणावत, अजय सिंह बोहेड़ा, वीरम देव सिंह कृष्णावत, विश्वविजय सिंह झाला ने विजेताओं और उपविजेताओं को ट्रॉफी और पारितोषिक प्रदान किये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित