भिवानी , अक्टूबर 23 -- हरियाणा में पैरेलल बिजली वितरण लाइसेंस के विरोध में बिजली कर्मचारियों की हड़ताल का असर जनजीवन पर पड़ रहा है। भिवानी शहर का अधिकांश हिस्सा अंधेरे में डूबा हुआ है। शहर के कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति बहाल होने, जबकि बड़े हिस्से में बिजली गुल रहने से लोगों में रोष है। जिला प्रशासन की ओर से बिजली आपूर्ति बहाल करने के प्रयासों के बावजूद स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाई है।

इधर हरियाणा पावर इंजीनियर्स एसोसिएशन के प्रवक्ता एवं सांझा मोर्चा के वरिष्ठ नेता नारायण प्रकाश एसडीओ ने ढिगावा क्षेत्र के विभिन्न बिजली घरों का दौरा किया। इसके बाद उन्होंने मजदूरों, किसानों और बिजली कर्मचारियों की बैठक को संबोधित किया।

नारायण प्रकाश ने राज्य सरकार और हरियाणा विद्युत नियामक आयोग (एचईआरसी) की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि गुरुग्राम और नूंह में इलेवन पावर कंपनी को समानांतर बिजली वितरण लाइसेंस देना जनविरोधी फैसला है। इससे सार्वजनिक बिजली वितरण कंपनियों का राजस्व आधार कमजोर होगा और किसानों व उपभोक्ताओं के हित प्रभावित हो सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित