गरियाबंद , सितंबर 30 -- छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से पैरी नदी पार कर जीबीएमई-1 हाथी गरियाबंद जिले के पांडुका वन परिक्षेत्र में पहुंच गया है। हाथी के अपने पुराने विचरण मार्ग पर लौटने के बाद वन विभाग ने आसपास के नौ गांवों में अलर्ट जारी कर ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है।

वन विभाग से बुधवार को मिली जानकारी के अनुसार जीबीएमई-1 हाथी धमतरी जिले के वन क्षेत्र के कक्ष क्रमांक 21 से निकलकर पैरी नदी पार करते हुए गरियाबंद जिले की सीमा में दाखिल हुआ। इसके बाद हाथी पांडुका वन परिक्षेत्र में विचरण कर रहा है। उसकी गतिविधियों को देखते हुए वन अमले ने संभावित आवागमन वाले क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है।

हाथी की मौजूदगी को देखते हुए कुकदा, पोड़, टोईयामुड़ा, विजय नगर, गांहदर, अतरमरा, शाकरा, राचरडेरा और कुम्हरमरा गांवों में अलर्ट जारी किया गया है। जंगल और नदी से लगे क्षेत्रों में जाने वाले ग्रामीणों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित