आगरा , अक्टूबर 10 -- रेडिएंट पैरा क्रिकेट लीग के उद्घाटन संस्करण में बॉम्बे मावेरिक्स के बल्लेबाज आकिब मलिक ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 74 गेंदों पर नाबाद 195 रन बनाकर नया रिकॉर्ड कायम किया। उनकी इस पारी में 17 चौके और 15 छक्के शामिल रहे। आकिब के शानदार प्रदर्शन की बदौलत टीम ने दो विकेट पर 280 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
आकिब दोहरा शतक पूरा करने से महज पांच रन दूर रह गए। उन्होंने दो अक्टूबर को टाइटन्स की ओर से नाइट्स के खिलाफ लुआन-द्रे प्रिटोरियस के बनाए नाबाद 188 रन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। आयोजकों के अनुसार, आकिब की यह पारी पैरा क्रिकेट के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है और इससे दिव्यांग खिलाड़ियों की प्रतिभा तथा प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को व्यापक पहचान मिली है।
छह से 11 अक्टूबर तक आगरा के जेबी क्रिकेट ग्राउंड में आयोजित इस लीग में छह टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता का उद्देश्य पैरा क्रिकेट को लोकप्रिय बनाना, युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करना और दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए खेल के क्षेत्र में नए अवसर उपलब्ध कराना है।
लीग की सह-निर्माता राधिका खेत्रपाल ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य केवल टूर्नामेंट कराना नहीं, बल्कि युवा खिलाड़ियों को पैरा क्रिकेट की संभावनाओं से परिचित कराना भी है। उन्होंने कहा कि आकिब मलिक की 74 गेंदों पर 195 रन की पारी लोगों की धारणाओं को चुनौती देने और दिव्यांग खिलाड़ियों की क्षमता सामने लाने का प्रभावशाली उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि लीग के माध्यम से प्रतिभाओं की पहचान करने, उनके लिए अवसर तैयार करने और उन्हें जरूरी मंच, निवेश तथा सम्मान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि पैरा क्रिकेट को एक सम्मानजनक खेल करियर के रूप में स्थापित किया जा सके।
दिव्यांग क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित, रेडिएंट के प्रचार-प्रसार और चिल्ड्रन ऑफ गॉड के सहयोग से संचालित इस प्रतियोगिता में समावेशिता, समान अवसर और खेल उत्कृष्टता पर जोर दिया जा रहा है।
आयोजकों का कहना है कि लीग की सफलता केवल रिकॉर्ड और खिताब तक सीमित नहीं है। इसका व्यापक उद्देश्य दिव्यांग खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देना और नई पीढ़ी को खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। अभियान का संदेश है- दिव्यांग खिलाड़ियों को सहानुभूति नहीं, बल्कि समान अवसर और अपनी क्षमता साबित करने के लिए उचित मंच चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित