पीलीभीत , जुलाई 14 -- उत्तर प्रदेश के पीलीभीत स्थित स्वशासी राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध जिला अस्पताल परिसर में मंगलवार को पैरामेडिकल प्रथम वर्ष के एक छात्र ने अपनी सहपाठी छात्रा पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल छात्रा की बरेली के एक निजी मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। घटना में बीच-बचाव करने वाली अस्पताल की एक महिला कर्मचारी भी घायल हुई हैं। पुलिस अधीक्षक सुकृति माधव मिश्रा ने बताया कि जिला अस्पताल के सीटी स्कैन कक्ष में पूर्वाह्न करीब नौ बजे पैरामेडिकल प्रथम वर्ष के छात्र कानपुर निवासी सागर (24) और बरेली निवासी छात्रा कशिश पटेल (22) के बीच किसी पुराने विवाद को लेकर कहासुनी हुई। आरोप है कि विवाद के दौरान सागर ने धारदार चाकू से छात्रा के गले पर कई वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
उन्होंने बताया कि छात्रा को बचाने के लिए आगे आई अस्पताल की स्टाफ कर्मी निधि भी आरोपी को रोकने के प्रयास में घायल हो गईं। घटना के तुरंत बाद मेडिकल कॉलेज के सुरक्षाकर्मियों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सुकृति माधव मिश्रा, अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दाहिया तथा अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में मामला दोनों छात्रों के बीच पुराने विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है।
मेडिकल कॉलेज की प्राचार्या डॉ. संगीता अनेजा ने बताया कि छात्रा को तत्काल आपात चिकित्सा उपलब्ध कराई गई। चिकित्सकों ने करीब दो घंटे तक उसका उपचार किया। उपचार के दौरान उसे रक्त चढ़ाया गया, सेंट्रल लाइन डाली गई तथा सांस लेने में कठिनाई के कारण इंटुबेशन किया गया। हालत गंभीर होने पर उसे एडवांस लाइफ सपोर्ट (एएलएस) एम्बुलेंस से बरेली के राममूर्ति मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की है, जो पूरे घटनाक्रम, सुरक्षा व्यवस्था तथा घटना के कारणों की जांच कर अपनी रिपोर्ट प्राचार्या को सौंपेगी।
पुलिस के अनुसार आरोपी छात्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। छात्रा की मृत्यु के बाद पूर्व में दर्ज मुकदमे में हत्या की धारा जोड़ते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित