नयी दिल्ली , जून 18 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को पेरिस में मिस्ट्रल ए आई, एल्सटॉम और सेंट गोबेन जैसी कई बड़ी कंपनियों के अधिकारियों से अलग-अलग मुलाकात की और उन्हें विशेष रूप से कृत्रिम बुद्धिमत्ता , एआई के क्षेत्र में भारतीय युवाओं के साथ मिलकर काम करने के लिए निमंत्रित किया। मुलाकात के बाद श्री मोदी ने सोशल मीडिया पर सिलसिलेवार पोस्ट में उनके साथ हुई बातचीत साझा की।
मिस्ट्रल एआई के सह संस्थापक आर्थर मेन्श के साथ मुलाकात के बाद उन्होंने कहा कि बदलते वैश्विक परिदृश्य पर सार्थक बातचीत हुई। उन्होंने भरोसेमंद एआई, नवाचार और यह सुनिश्चित करने की ज़रूरत पर विचार साझा किये कि एआई मानवता पर केंद्रित और समावेशी बनें। उन्होंने कहा, " एआई से जुड़े विभिन्न पहलुओं में भारत में पार्टनरशिप की संभावनाओं पर बात हुई। भारत ऐसे एआई सॉल्यूशन विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है जो नवाचार, भरोसे और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देते हुए मानवता को सशक्त बनाएं।"एल्सटॉम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मिस्टर मार्टिन सियन के साथ चर्चा के बाद श्री मोदी ने कहा कि भारत में एल्सटॉम की पहले से ही मज़बूत मौजूदगी है। भारत की विकास गाथा में उनका भरोसा और 'मेक इन इंडिया' व 'मेक फॉर द वर्ल्ड' की दिशा में उनकी कोशिशें तारीफ़ के काबिल हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में ये मौके और भी बेहतर होने वाले हैं। उन्होंने कहा कि वह दुनिया को भारतीय युवाओं के साथ मिलकर काम करने के लिए आमंत्रित करते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित