भरतपुर , सितम्बर 05 -- राजस्थान में भरतपुर के वैर विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक बहादुर सिंह कोली को जन्माष्टमी पर अपने ही क्षेत्र के एक कुश्ती दंगल के दौरान आक्रोशित भीड़ का सामना करना पड़ा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दंगल आयोजकों एवं पुलिस को हस्तक्षेप करके विधायक कोली का सुरक्षा घेरा बनाकर उन्हें भीड़ के आक्रोश से बचाना पड़ा। दंगल देखने आये भीड़ के बीच लोगों के आक्रोश का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
इस मामले को लेकर पुलिस सूत्रों ने बताया कि पेयजल की समस्या को लेकर बड़ी संख्या में आक्रोशित ग्रामीणों ने विधायक को घेरने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस एवं दंगल आयोजकों ने ग्रामीणों के प्रयास को विफल करके उन्हें सुरक्षित तरीके से दंगल से रवाना किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित