भरतपुर , मार्च 14 -- राजस्थान में करौली के मण्डरायल कस्बे में पिछले कई दिनों से पेयजल संकट से आक्रोशित कस्बेवासियों ने शनिवार को नारेबाजी के साथ उपखंड मुख्यालय के सामने प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों ने बताया कि जलदाय विभाग को कई बार शिकायतें करने के बाद भी पिछले कई दिनों से कस्बे की कई कॉलोनियों में नलों में पानी नहीं आ रहा है। यह समस्या गर्मी की शुरुआत के साथ और गंभीर हो गयी है, जिससे लोगों को पीने, नहाने और अन्य घरेलू कार्यों के लिए पानी की भारी किल्लत का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि पेयजल किल्लत के कारण लोग महंगे दामों पर पानी के टैंकर मंगवाने को मजबूर हैं। कस्बे की करीब छह कॉलोनियों में पेयजल आपूर्ति बाधित होने से स्थिति बिगड़ गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित