सिरसा , सितंबर 20 -- हरियाणा के सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने पेपर लीक, रोजगार, शिक्षा, मतदाता सूची, सफाई कर्मचारियों और डिजिटल भुगतान के मुद्दों को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। सिरसा अनाज मंडी में रविवार को आयोजित डेरा बाबा भूमणशाह संगर साधा के सत्संग में पहुंचीं कुमारी सैलजा ने कहा कि बाबा ब्रह्मदास महाराज 36 बिरादरी को भक्ति, भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश दे रहे हैं। संत-महापुरुषों की शिक्षाएं समाज को जोड़ने और आपसी सद्भाव मजबूत करने का काम करती हैं।
मीडिया से बातचीत में कुमारी सैलजा ने कहा कि बार-बार पेपर लीक और भर्ती प्रक्रियाओं में गड़बड़ियों की शिकायतों से सबसे ज्यादा नुकसान युवाओं को हो रहा है। मेहनत करने वाले विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित होता है। उन्होंने कहा कि सरकार को युवाओं की पढ़ाई और रोजगार की चिंता करनी चाहिए तथा भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी भी विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं की आवाज उठा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित