नागपुर , सितंबर 9 -- महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग की परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और धांधली के विरोध में बुधवार को नागपुर में परीक्षार्थियों और छात्रों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने आयोग के अध्यक्ष विवेक भीमनवार और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के इस्तीफे की मांग करते हुए परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता लाने की पुरजोर वकालत की।

नागपुर के संविधान चौक पर आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पहुंचे अभ्यर्थियों ने हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी की और अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग उठाई। उग्र छात्रों का आरोप है कि सरकारी नौकरियों की परीक्षाओं में बार-बार हो रही अनियमितताओं के कारण सालों से मेहनत कर रहे हजारों युवाओं का भविष्य और करियर अधर में लटक गया है।

आंदोलनकारी छात्रों की मांग है कि वर्ष 2022 के बाद से आयोजित की गई सभी एमपीएससी परीक्षाओं की निष्पक्ष और गहन जांच कराई जाए और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी में शामिल दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। छात्रों का तर्क है कि स्वतंत्र व निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए आयोग के शीर्ष अधिकारियों को अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने महाराष्ट्र सरकार से भर्ती और परीक्षा प्रक्रिया में युवाओं का विश्वास बहाल करने के लिए तत्काल ठोस कदम उठाने का आग्रह किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित