रायपुर, अप्रैल 10 -- छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा 12वीं कक्षा की हिंदी विषय की परीक्षा आज पुनः आयोजित की गई। पूर्व में प्रश्नपत्र लीक होने की घटना के बाद इस बार परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

मंडल की ओर से प्रश्नपत्रों की सुरक्षा हेतु वन-टाइम लॉक सिस्टम लागू किया गया है। इसके साथ ही परीक्षा सामग्री को जीपीएस युक्त सुरक्षित कंटेनरों के माध्यम से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया गया। अधिकारियों की निगरानी में समन्वय केंद्रों पर वीडियो कॉल के जरिए लॉक खोलने की प्रक्रिया पूरी की गई, वहीं स्ट्रॉन्ग रूम को भी विशेष सुरक्षा के साथ सील किया गया।

परीक्षा का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक निर्धारित किया गया। निर्धारित समय के अनुसार परीक्षार्थियों को पहले उत्तर पुस्तिकाएं वितरित की गईं, जिसके बाद प्रश्नपत्र दिए गए और लेखन कार्य शुरू कराया गया।

उल्लेखनीय है कि मार्च माह में हिंदी विषय का प्रश्नपत्र कथित रूप से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर वायरल हो गया था, जिसके बाद मंडल ने जांच के उपरांत परीक्षा निरस्त कर दी थी। मामले में साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी तथा पुलिस द्वारा जांच भी प्रारंभ की गई थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित