प्रयागराज , जून 25 -- नीट-यूजी और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के कथित पेपर लीक मामलों को लेकर कांग्रेस ने गुरुवार को प्रयागराज में प्रेस कांफ्रेंस कर राष्ट्रव्यापी अभियान 'छात्रों की गूंज' की शुरुआत की घोषणा की। इस अवसर पर मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार की मांग की।
उमंग सिंघार ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 25 जून से 'छात्रों की गूंज' अभियान का शुभारंभ कर दिया है। इसके तहत छात्रों, प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थियों, कोचिंग संस्थानों, महाविद्यालय परिसरों, पुस्तकालयों और युवा समूहों के बीच व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह अभियान 25 जून से 9 अगस्त 2026 तक देश के 28 प्रमुख शहरों में संचालित होगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सांसद एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 10 जुलाई को प्रयागराज आ सकते हैं। अभियान के तहत एक अगस्त को सभी 28 शहरों में जिला मुख्यालयों का घेराव किया जाएगा, जबकि 9 अगस्त को दिल्ली में संसद का युवा घेराव प्रस्तावित है।
सिंघार ने आरोप लगाया कि पेपर लीक अब केवल परीक्षा में नकल का मामला नहीं रह गया है, बल्कि यह एक संगठित नेटवर्क का रूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों से कड़ी मेहनत की अपेक्षा करती है, लेकिन प्रश्नपत्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रही है।
उन्होंने कहा, "यह पेपर लीक नहीं, बल्कि भविष्य लीक है। यह परीक्षा सुधार का नहीं, परीक्षा घोटाले का मामला है।" कांग्रेस ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि यह केवल कांग्रेस की नहीं, बल्कि देश के युवाओं की मांग है।
कांग्रेस नेता ने पेपर लीक मामलों में कथित रूप से शामिल माफिया, वेंडर एजेंसियों, अधिकारियों तथा राजनीतिक संरक्षण के संभावित संबंधों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने परीक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार, परीक्षा और भर्ती का वार्षिक कैलेंडर लागू करने, परीक्षा तिथि, परिणाम तिथि और नियुक्ति की समयसीमा पहले से घोषित करने तथा उसका सख्ती से पालन सुनिश्चित करने की मांग की।
सिंघार ने आरोप लगाया कि देश में शिक्षा अब अधिकार के बजाय व्यापार का रूप लेती जा रही है। उन्होंने कहा कि छात्र असफल नहीं हो रहे हैं, बल्कि शिक्षा मंत्रालय और केंद्र सरकार की नीतियां युवाओं को निराश कर रही हैं। उन्होंने दावा किया कि पिछले कुछ वर्षों में देशभर में 90 परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक हुए हैं और नीट पेपर लीक प्रकरण के बाद विभिन्न राज्यों में 21 छात्रों ने आत्महत्या की।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यह अभियान छात्रों की आवाज बनेगा और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उनके अनुसार आज छात्र परीक्षा से नहीं, बल्कि पेपर लीक की आशंका से भयभीत हैं। प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने अभियान का पोस्टर भी जारी किया, जिसमें "देश की शिक्षा व्यवस्था आईसीयू में है" का संदेश दिया गया। पार्टी ने अभियान से जुड़ने के लिए 'छात्रों की गूंज' नामक वेबसाइट तथा एक मिस्ड कॉल नंबर भी जारी किया। इस अवसर पर कांग्रेस के कई स्थानीय एवं प्रदेश स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित