चंडीगढ़ , जुलाई 22 -- कांग्रेस ने बुधवार को चंडीगढ़ स्थित कांग्रेस भवन में देशभर में सामने आये कथित पेपर लीक मामलों और दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन किया।
इस दौरान पार्टी नेताओं ने केंद्र और पंजाब सरकार पर छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस के इस्तीफे की मांग की।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार पेपर लीक होने और शिक्षा व्यवस्था में अनियमितताओं के कारण युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सीबीएसई मूल्यांकन में हुई त्रुटियों से भी विद्यार्थियों को नुकसान उठाना पड़ा, लेकिन सरकार ने उनकी शिकायतों पर गंभीरता नहीं दिखाई।
कांग्रेस नेताओं ने दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित पुलिस बल प्रयोग की निंदा करते हुए कहा कि पेपर लीक के जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने के बजाय केंद्र सरकार छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उनका आरोप था कि सरकार युवाओं की समस्याओं का समाधान करने के बजाय लोकतांत्रिक विरोध को कुचलने में लगी है।
पार्टी नेताओं ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि राज्य सरकार केंद्र से जवाबदेही की मांग तो करती है, लेकिन पंजाब में हुए कथित पेपर लीक मामलों पर अपने शिक्षा मंत्री की जिम्मेदारी तय नहीं करती। उन्होंने कहा कि फार्मासिस्ट भर्ती परीक्षा और पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की बारहवीं कक्षा की अंग्रेजी परीक्षा सहित कई मामलों में अनियमितताओं के आरोप लगे, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार और पंजाब की आप सरकार दोनों ही युवाओं को निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने में विफल रही हैं और बार-बार हो रही कथित परीक्षा अनियमितताओं से योग्य विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित