देवास , अक्टूबर 20 -- मध्यप्रदेश के देवास जिले में इंदौर-भोपाल हाईवे पर नेवरी फाटे के समीप सलकनपुर माताजी के दर्शन कर शिप्रा लौट रहा पिकअप वाहन पेड़ से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन दो हिस्सों में बंट गया। वाहन में सवार करीब 14 से 15 यात्रियों को चोटें आईं, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन क्रमांक एमपी 09 बीपी 1706 सलकनपुर से देवास की ओर जा रहा था। नेवरी फाटे के पास पेट्रोल पंप के सामने वाहन अचानक सड़क किनारे पेड़ से टकरा गया।

घटना की सूचना मिलने पर भौरासा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मी अरुण रावत ने 112 पुलिस वाहन, 108 एंबुलेंस, निजी वाहन और ग्रामीणों की मदद से घायलों को देवास के एमजी अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित