संभल, सितंबर 19 -- उत्तर प्रदेश में संभल जिले के बनियाठेर क्षेत्र के एक गांव के पास जंगल में प्रेमी युगल के शव एक पेड़ पर लटके मिले हैं।

थाना बनियाठेर के अंतर्गत के ग्राम नेहटा के पास स्थित एक खेत के मालिक ने शनिवार को सुबह के समय आम के पेड़ पर एक युवक और एक युवती के शव को लटके देखा तो उसने इसकी जानकारी ग्रामीणों और पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई।

पेड़ पर लटके मिले युवक और युवती की शिनाख्त कोतवाली चंदौसी के अंतर्गत के ग्राम सैंजना के निवासी एक 17 वर्षीय युवक और एक 16 वर्षीय युवती के रूप में हुई। मृतक युवक व युवती के घर गांव में थोड़ी दूरी पर ही हैं तथा दोनों के बीच पिछले काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों बीते दिन शाम के समय से लापता थे। परिजनों ने दोनों को रात भर तलाश भी किया था। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित