टिहरी , अगस्त 26 -- रक्षाबंधन के पर्व को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए जौनपुर विकासखंड के राजकीय इंटर कॉलेज दोंक की छात्राओं ने अनूठी पहल की। बुधवार को छात्राओं ने पेड़ों को राखी बांधकर उन्हें अपना संरक्षण सूत्र बनाया और प्रकृति की रक्षा का संकल्प लिया। इस दौरान पौधों को गले लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम संयोजक संजय प्रकाश सेमवाल ने कहा कि यदि पारंपरिक पर्वों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ा जाए तो समाज में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना मजबूत होगी। साथ ही नई पीढ़ी अपनी परंपराओं को आधुनिक संदर्भों में समझकर उन्हें सकारात्मक दिशा दे सकेगी।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने आशीष सगाई और इन्दु सैनी के मार्गदर्शन में नागराजा मंदिर के समीप नक्षत्र वाटिका का निर्माण किया। वाटिका में 27 नक्षत्रों के प्रतीक स्वरूप आंवला, बांस, पलाश, बेल, अर्जुन और नींबू समेत विभिन्न प्रजातियों के 27 पौधे रोपे गए।
प्रधानाचार्य राम औतार ने छात्र-छात्राओं की पहल की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल अभियान तक सीमित न रहकर जीवनशैली का हिस्सा बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि परंपराओं को आधुनिकता और प्रासंगिकता के साथ जोड़कर मनाने से समाज और पर्यावरण दोनों को बेहतर दिशा मिल सकती है।
इस अवसर पर हेड गर्ल स्वाति सहित प्रियंका, सरस्वती, बबीता, अनिल और रंजना आदि मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित