चंडीगढ़ , सितंबर 05 -- चंडीगढ़ में पेट्रोल लंगर लगाने के ऐलान के बाद बांटे जा रहे कूपनों में फर्जीवाड़ा सामने आया है। सेक्टर-7 स्थित सिद्ध पेट्रोल पंप पर 2500, 1000 और 500 रुपये के नकली कूपन पकड़े गए हैं। इसके बाद इन तीनों राशि वाले कूपनों को बंद कर दिया गया है। अब पेट्रोल पंपों पर केवल 300 रुपये वाले कूपन ही स्वीकार किए जा रहे हैं।
पेट्रोल पंप संचालकों को कारोबारी राकेश नेहन उर्फ राजा दी किंग की ओर से दिए जा रहे कूपनों के कागज और पंप पर इस्तेमाल होने वाले कूपनों में अंतर नजर आया। आयोजक के कूपन का कागज मोटा, जबकि पंप के कूपन हल्के कागज पर छपे थे। शक होने पर संचालकों ने राजा दी किंग से संपर्क किया। वह खुद पेट्रोल पंप पर पहुंचे और कूपनों की जांच की गई।
जांच में पता चला कि 2500, 1000 और 500 रुपये के कूपन नकली छापे गए थे। इसके बाद पंप संचालकों को केवल 300 रुपये वाले कूपन स्वीकार करने के निर्देश दिए गए। बताया गया कि नकली कूपन बनाने वालों ने 300 रुपये वाले कूपन की नकल नहीं की थी। नए कूपन जल्द जारी किए जाने की बात कही गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित