प्रयागराज , मई 13 -- देश में बढ़ती महंगाई और पेट्रोल बचाने को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के विरोध में प्रगतिशील समाज पार्टी (प्रसपा) के कार्यकर्ताओं ने प्रयागराज में अनोखा प्रदर्शन किया। सुभाष चौराहा पर आयोजित प्रदर्शन के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने 'बाइक घसीटो-पेट्रोल बचाओ यात्रा' निकालकर सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध जताया। कार्यकर्ताओं ने अपनी मोटरसाइकिलों को बिना स्टार्ट किए हाथ से घसीटते हुए पैदल मार्च किया और महंगाई के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान स्थानीय पुलिस प्रशासन और कार्यकर्ताओं के बीच हल्की नोकझोंक भी देखने को मिली। हालांकि स्थिति बाद में सामान्य हो गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रगतिशील समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील कुशवाहा ने कहा कि चुनाव के दौरान सरकार को किसी प्रकार के संकट की चिंता नहीं थी, लेकिन चुनाव समाप्त होते ही जनता को पेट्रोल बचाने और त्याग करने की सलाह दी जाने लगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस और रोजमर्रा की जरूरतों की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है, जबकि सरकार अपने प्रचार और चुनावी खर्चों में कोई कमी नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि देश वास्तव में आर्थिक संकट से गुजर रहा है तो त्याग की शुरुआत सत्ता और सरकारी तंत्र से होनी चाहिए, न कि केवल आम जनता से।

महिला मोर्चा की संयोजक एडवोकेट मनीषा मिश्रा ने कहा कि बढ़ती महंगाई का सबसे अधिक असर महिलाओं और परिवारों पर पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से जनता को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजीत पटेल ने कहा कि जनता अब सरकार की कथनी और करनी का अंतर समझ चुकी है और आने वाले समय में इसका जवाब देगी।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय सचिव समर बहादुर शर्मा, युवा मोर्चा के प्रदेश महासचिव एडवोकेट निष्ठा देव, इंजीनियर योगेश कुशवाहा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित