बस्ती , मार्च 27 -- उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता राजकिशोर सिंह ने कहा है कि पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में कटौती आम जनता के हित में लिया गया बड़ा फैसला है। शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी कम करके आम जनमानस को राहत देने का कार्य किया है। इससे किसानों, व्यापारियों, छोटे उद्यमियों और मध्यम वर्ग को विशेष लाभ मिलेगा तथा उद्योग और व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि यह निर्णय प्रधानमंत्री की संवेदनशीलता और जनहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। वैश्विक परिस्थितियों के बीच भी केंद्र सरकार देशवासियों के हितों की रक्षा के लिए तत्पर है। राजकिशोर सिंह ने प्रदेश सरकार की भी सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश लगातार विकास की ओर अग्रसर है। युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है तथा बिजली, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में सरकार द्वारा ठोस कदम उठाए गए हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़क नेटवर्क का तेजी से विस्तार हो रहा है, जिससे विकास को नई गति मिल रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित