धार , मार्च 25 -- मध्य प्रदेश के धार जिले में पेट्रोल-डीजल की किल्लत को लेकर फैली अफवाह के कारण शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के पेट्रोल पंपों पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कई स्थानों पर लोग सुबह पंप खुलने से पहले ही लाइन में लग गए।

जानकारी के अनुसार अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम को लेकर ईंधन आपूर्ति प्रभावित होने की चर्चा के बीच देर रात आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों में पेट्रोल-डीजल समाप्त होने की अफवाह फैल गई। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग पंपों पर पहुंचकर वाहनों में ईंधन भरवाने लगे। भीड़ बढ़ने पर पंप संचालकों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाइश दी।

बुधवार सुबह मांडू रोड सहित अन्य पंपों पर लोग दोपहिया वाहनों के साथ पंप खुलने से पहले ही पहुंच गए। कई स्थानों पर लंबी कतारें लग गईं और लोग घंटों अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। कुछ लोग केनों में भी पेट्रोल भरवाकर संग्रह करते दिखे।

किसानों में इस स्थिति को लेकर अधिक चिंता देखी गई। डीजल की संभावित कमी की आशंका में कई किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर पंपों पर पहुंचे, ताकि खेती कार्य प्रभावित न हो।

जिला प्रशासन ने भारत पेट्रोलियम, इंडियन ऑयल और हिंदुस्तान पेट्रोलियम जैसी कंपनियों से संपर्क कर स्थिति स्पष्ट की, जिसमें पर्याप्त स्टॉक होने की पुष्टि की गई। पंप संचालकों को सही जानकारी देने और अनावश्यक भीड़ नियंत्रित करने के निर्देश दिए गए हैं।

कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने अपील करते हुए कहा कि जिले में ईंधन की कोई कमी नहीं है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की बात कही। प्रशासन द्वारा लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है और आपूर्ति सामान्य बनी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित