नयी दिल्ली , मार्च 20 -- वरिष्ठ कांग्रेस नेता और राज्यसभा में उप नेता प्रमोद तिवारी ने प्रीमियम पेट्रोल के 2.35 रुपये प्रति लीटर तक महंगा होने पर सरकार की आलोचना करते हुए उस पर मुनाफा कमाने का आरोप लगाया है।

श्री तिवारी ने केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए शुक्रवार को की गयी पेट्रोल की कीमतों में वृद्धि को मुनाफाखोरी और अवसरवादिता करार दिया है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत 110 से 120 डालर के बीच होने के बावजूद सरकार की ओर से प्रीमियम पेट्रोल पर प्रति लीटर दो रूपए से ज्यादा की बढ़ोतरी करना जनता के साथ अन्याय है।

श्री तिवारी ने सवाल उठाया कि अगर यही काम कोई डीलर करता तो उसे मुनाफाखोर और अवसरवादी कहा जाता लेकिन केंद्र सरकार ने जानबूझकर मुनाफाखोरी करते हुए यह फैसला लिया है। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि पेट्रोल के बढ़े हुए दाम तत्काल वापस लिए जाएं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित