नयी दिल्ली , मई 15 -- तेल विपणन कंपनियों ने शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी।
देश की सबसे बड़ी तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज से गैर-ब्रांडेड डीजल 90.67 रुपये प्रति लीटर हो गया है। पहले इसकी कीमत 87.67 रुपये प्रति लीटर थी। इसी प्रकार एक लीटर पेट्रोल की कीमत तीन रुपये बढ़ाकर 97.77 रुपये कर दी गयी है।
डेढ़ साल में पहली बार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाये गये हैं। पिछली बार 30 अक्टूबर 2024 को दोनों जीवाश्म ईंधनों के दाम बढ़ाये गये थे।
पश्चिम एशिया संकट के कारण अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम बढ़ने से तेल विपणन कंपनियों पर कच्चे तेल की कीमत बढ़ाने का दबाव था। केंद्र सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर उत्पाद शुल्क में 10-10 रुपये प्रति लीटर की कटौती करके तेल विपणन कंपनियों को राहत दी थी।
इंडियन ऑयल ने दिल्ली में अपने ब्रांडेड (प्रीमियम) पेट्रोल एक्सपी95 की कीमत 2.99 रुपये बढ़ाकर 104.88 रुपये प्रति लीटर और ब्रांडेड डीजल एक्सजी की कीमत तीन रुपये बढ़ाकर 95.95 रुपये प्रति लीटर कर दी है।
गत 28 फरवरी को पश्चिम एशिया संकट शुरू होने के बाद ब्रांडेड डीजल की कीमत दूसरी बार बढ़ाई गयी है। इससे पहले मार्च में इसमें दो रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की गयी थी।
दूसरे शहरों में भी कीमतों में लगभग इसी तरह की बढ़ोतरी की गयी है, हालांकि वैट और लॉजिस्टिक्स लागत में अंतर के कारण कीमत वृद्धि में कुछ अंतर होता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित