चंडीगढ़ , जून 01 -- इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने सोमवार को पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के विरोध में हरियाणा के सभी जिलों में प्रदर्शन किये।
पार्टी कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री के नाम संबंधित उपायुक्तों को ज्ञापन सौंपे।
प्रदर्शन का नेतृत्व विभिन्न जिलों में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने किया। इनेलो के राष्ट्रीय संरक्षक संपत सिंह ने हिसार, प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा ने कैथल, पार्लियामेंट्री बोर्ड के अध्यक्ष वासुदेव शर्मा ने भिवानी, राष्ट्रीय प्रधान महासचिव प्रकाश भारती और पूर्व विधायक दिलबाग सिंह ने यमुनानगर, राष्ट्रीय संगठन सचिव उमेद लोहान ने हांसी, विधायक आदित्य देवीलाल ने पलवल, विधायक अर्जुन चौटाला ने रोहतक तथा महिला प्रदेश प्रभारी सुनैना चौटाला ने फतेहाबाद में प्रदर्शन की अगुवाई की।
इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों के कारण लगातार बढ़ रही महंगाई से आम जनता परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेट्रोलियम पदार्थों और रसोई गैस की कीमतों में लगातार वृद्धि होने से लोगों की आर्थिक मुश्किलें बढ़ रही हैं और घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि कमर्शियल गैस सिलेंडर और छोटे सिलेंडरों की कीमतों में हालिया वृद्धि ने व्यापारियों और आम उपभोक्ताओं दोनों की चिंताएं बढ़ा दी हैं। उनके अनुसार पेट्रोल, डीजल और गैस जैसी आवश्यक वस्तुओं के दाम बढ़ने का सीधा असर आम लोगों के जीवन पर पड़ता है। श्री चौटाला ने कहा कि इनेलो का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के मुद्दों को लेकर सड़कों पर उतरा है और प्रदेशभर में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी इन प्रदर्शनों में भाग लिया। उन्होंने दावा किया कि बढ़ती महंगाई के कारण आम लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है।
इनेलो अध्यक्ष ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि मुख्य विपक्षी दल होने के बावजूद कांग्रेस जनता के मुद्दों पर प्रभावी भूमिका नहीं निभा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और भाजपा दोनों ही जनता की समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं हैं।
श्री चौटाला ने चेतावनी दी कि यदि पेट्रोलियम उत्पादों और रसोई गैस की कीमतों में राहत नहीं दी गयी, तो इनेलो जनहित में आगे भी बड़े आंदोलनात्मक कदम उठाने पर विचार करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित