सोनीपत , अगस्त 2 -- हरियाणा के सोनीपत के गोहाना थाना क्षेत्र में पेटीएम कर्मचारी बनकर आए एक साइबर जालसाज ने फल विक्रेता से 39 हजार की ठगी कर ली। आरोपी ने खाता अपडेट करने का झांसा देकर वारदात को अंजाम दिया।

फल विक्रेता राजेश ने बताया कि रविवार दोपहर एक युवक उसकी दुकान पर पहुंचा और खुद को पेटीएम का कर्मचारी बताया। उसने कहा कि कंपनी ने नई योजना शुरू की है, जिसके तहत मौजूदा साउंड बॉक्स और सर्विस चार्ज सिस्टम में बदलाव किया गया है। आरोपी ने बताया कि पहले हर महीने 140 का शुल्क कटता था, जबकि नए प्लान में प्रतिदिन केवल एक रूपये ही देना होगा।

आरोपी ने योजना सक्रिय करने के नाम पर राजेश से कंपनी के खाते में एक रूपये ट्रांसफर करने को कहा और इस दौरान उसका मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिया। इसी बीच एक ग्राहक फल खरीदने आ गया, जिससे राजेश व्यस्त हो गया। इसी मौके का फायदा उठाकर आरोपी ने मोबाइल का पासवर्ड देख लिया और सेटलमेंट प्रक्रिया का बहाना बनाकर राजेश के खाते से करीब 39 हजार रूपये अपने खाते में ट्रांसफर कर दिए। कुछ देर बाद जब राजेश ने बैंक खाते का बैलेंस देखा तो रुपये गायब मिले। तब तक आरोपी फरार हो चुका था। आसपास तलाश करने के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित