यमुनानगर , सितंबर 28 -- पेंशनरों की मांगों की लगातार अनदेखी के विरोध में सेवानिवृत्त कर्मचारी संघ 29 सितंबर से हरियाणा के यमुनानगर में उपायुक्त कार्यालय पर 24 घंटे का रात्रि पड़ाव डालेगा।
उनतीस सितंबर के पड़ाव की तैयारी के लिए आज राज्य सचिव जोत सिंह, सचिव सोमनाथ, अशोक वर्मा और सतीश राणा की जिला टीम प्रतापनगर बिजली बोर्ड रेस्ट हाउस पहुंची। प्रतापनगर ब्लॉक की बैठक ब्लॉक प्रधान ज्ञान चंद देवधर की अध्यक्षता में रेस्ट हाउस में हुई।
बैठक में जिला प्रधान जोत सिंह, जिला सचिव सोमनाथ, सतीश राणा, अशोक वर्मा और भुवनेश्वर दत्त ने कहा कि सरकार पुरानी पेंशन स्कीम के साथ छेड़छाड़ के प्रयास बंद करे। आठवें केंद्रीय वेतन आयोग के टर्म ऑफ रेफरेंस में यह स्पष्ट दिखाई दे रहा है। पेंशन वैलिडेशन एक्ट पारित कर पेंशन रिवीजन का अधिकार भी समाप्त कर दिया गया है। पेंशनरों की जायज मांगों की लगातार अनदेखी के कारण आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि पेंशन कोई खैरात नहीं, बल्कि कर्मचारियों की वर्षों की सेवा का संवैधानिकअधिकार है। पेंशन व्यवस्था में लगातार बदलाव और पेंशनभोगियों के हितों की अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी।
संघ ने पीएफआरडीए एक्ट, एनपीएस और यूपीएस को समाप्त कर पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने की मांग की। उन्होंने कहा कि आठवें केंद्रीय वेतन आयोग के टर्म ऑफ रेफरेंस में एक जनवरी 2026 से पहले सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों के पेंशन संशोधन को शामिल किया जाना चाहिए। वेतन आयोग की सिफारिशों में देरी को देखते हुए पेंशनभोगियों को तत्काल अंतरिम राहत और 18 महीने के बकाया डीए/डीआर का भुगतान किया जाये।
उन्होंने डीए/डीआर के 50 प्रतिशत हिस्से को मूल वेतन एवं पेंशन में मर्ज करने, 10 वर्ष आठ माह बाद कम्यूटेशन बहाल करने और पेंशन में समानता सुनिश्चित करने की मांग भी उठायी। वरिष्ठ नागरिकों और पेंशनभोगियों के लिए सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत कर कैशलेस चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने, 65 से 75 वर्ष तक प्रत्येक पांच वर्ष में पेंशन में 10 प्रतिशत और 80 वर्ष के बाद प्रत्येक पांच वर्ष में 20 प्रतिशत वृद्धि की मांग भी रखी गयी।
बैठक में ओम प्रकाश, प्रीतम सिंह, जोत सिंह, सोम नाथ, अशोक वर्मा, भुवनेश्वर दत्त, ताहिर हसन, सतपाल सैनी, ज्ञान चंद देवधर, बाल किशन, छोटू राम, कंवरपाल, राम शरण और इकबाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित