सोनभद्र , अगस्त 13 -- उत्तर प्रदेश में सोनभद्र जिले की साइबर थाना पुलिस ने पेंशनधारक से 31 लाख रुपये की साइबर ठगी करने के आरोप में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को कोलकाता से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने गुरुवार को बताया कि एक पेंशनधारक ने 17 जून 2025 को साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार साइबर अपराधियों ने फोन कर स्वयं को पेंशन विभाग का अधिकारी बताया और पीपीओ (पेंशन भुगतान आदेश) नंबर में सुधार कराने के नाम पर उनकी व्यक्तिगत एवं बैंकिंग संबंधी जानकारी हासिल कर ली।

उन्होंने बताया कि आरोपियों ने पीड़ित को एक एपीके फाइल/लिंक भेजकर स्क्रीन शेयरिंग कराई और ओटीपी प्राप्त कर लिया। इसके बाद पीड़ित के खाते से लगभग 31 लाख रुपये विभिन्न खातों में स्थानांतरित कर लिए गए। साथ ही फोनपे के माध्यम से एक लाख रुपये का लेनदेन तथा 10 लाख रुपये की एफडी भी कराई गई।

श्री वर्मा ने बताया कि शिकायत मिलते ही साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, डिजिटल साक्ष्यों और अन्य तकनीकी सूचनाओं के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। जांच के दौरान पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मनीष कुमार शाह (30) तथा रूपक कुमार (54) को कोलकाता से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित