रांची , जुलाई 11 -- झारखंड की राजधानी रांची में प्रशिक्षण ले रहे युवा जिम्नास्ट पृथ्वी देव भट्टाचार्य ने दिल्ली के मंथन जिम्नास्टिक्स स्टेडियम में आयोजित थर्ड ऑल इंडिया मंथन जिम्नास्टिक्स कप-2026 (ऑल इंडिया ओपन नेशनल जिम्नास्टिक चैंपियनशिप) में शानदार प्रदर्शन करते हुए इंडिविजुअल मेन यूथ वर्ग का स्वर्ण पदक जीतकर झारखंड का गौरव बढ़ाया है।
धनबाद जिले के निरसा स्थित कांजीडीह के निवासी पृथ्वी वर्तमान में रांची में रहकर पढ़ाई के साथ जिम्नास्टिक्स का प्रशिक्षण ले रहे हैं। उनकी इस उपलब्धि से राज्य के खेल जगत में उत्साह का माहौल है।
पृथ्वी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने कोच विकास कुमार गोप को देते हुए बताया कि प्रतियोगिता से पहले वह चोटिल थे, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। उन्होंने कहा, "मैं इंजर्ड था, लेकिन मेरी जिद थी कि इस चैंपियनशिप में जरूर खेलूं। मैं यह मौका गंवाना नहीं चाहता था। मेरे कोच ने लगातार अभ्यास कराया और मेरा आत्मविश्वास बढ़ाया। उसी का परिणाम है कि मैं स्वर्ण पदक जीत सका।"राष्ट्रीय प्रतियोगिता में झारखंड के खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए पदकों की झड़ी लगा दी। चंदा कुमारी ने इंडिविजुअल विमेन, एक्रोबैटिक रॉक एंड रोल और एरो डांस में तीन स्वर्ण पदक जीते। ऋष्टि राज ने दो स्वर्ण और एक कांस्य, दिशा माहेश्वरी ने दो स्वर्ण और एक रजत, नंदिनी कुमारी ने दो स्वर्ण और एक कांस्य, प्रिया यादव, रिधिका यादव और तनुश्री कुमारी ने दो-दो स्वर्ण, जबकि रितिका जोशी ने एक स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
वहीं अथर्व गुप्ता ने इंडिविजुअल मेन यूथ में रजत, आदित्य राज ने इंडिविजुअल मेन जूनियर और एरो डांस में दो स्वर्ण, प्रिबा श्री ने नेशनल डेवलपमेंट विमेन वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। राहुल राज और अंकिता माझी ने एक्रो स्विंग में रजत, अलेक्जेंडर लीला मुंडा और पूनम हांसदा ने एक्रोसिंग में स्वर्ण, जेम्स कंडुलना और आराध्या पांडेय ने जूनियर एक्रोसिंग में स्वर्ण तथा शिव कुमार और खुशी कुमारी ने जूनियर एक्रोसिंग में रजत पदक हासिल किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित