मुंबई , अगस्त 07 -- महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने उन अफवाहों पर नाराजगी जताई है, जिनमें दावा किया जा रहा है कि राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को केंद्रीय शिक्षा मंत्री के रूप में नयी दिल्ली बुलाया जा सकता है।
केंद्र सरकार में यह हलचल नीट 2026 पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में हुए युवा और छात्र आंदोलनों के बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद शुरू हुई है। आगामी मानसून सत्र से पहले शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी को सौंपा गया है। इसे एक अस्थायी व्यवस्था माना जा रहा है। हालांकि, श्री चव्हाण ने श्री फडणवीस को यह जिम्मेदारी सौंपे जाने की संभावना को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि देश की युवा पीढ़ी जेन जी और विपक्षी कांग्रेस पार्टी उन्हें इस पद पर कभी स्वीकार नहीं करेगी।
नीट परीक्षा घोटाले के तारों को महाराष्ट्र के कोचिंग सेंटरों और पेपर छापने वाली संस्थाओं से जोड़ते हुए श्री चव्हाण ने कहा कि जनता का भरोसा पूरी तरह उठ चुका है। उन्होंने कहा कि श्री फडणवीस महाराष्ट्र के गृह मंत्री भी हैं और चूंकि इस बड़े पेपर लीक घोटाले में राज्य के लोगों के नाम सामने आए हैं, इसलिए जब तक निष्पक्ष एसआईटी जांच से राजनीतिक गठजोड़ की सच्चाई सामने नहीं आ जाती, तब तक उन्हें देश का शिक्षा मंत्रालय सौंपने का सवाल ही नहीं उठता।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित