समस्तीपुर , सितंबर 21 -- बिहार के समस्तीपुर जिले के पूसा स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय में आगामी 25 एवं 26 सितंबर को नीति आयोग के 'स्टेट सपोर्ट मिशन' के तहत 'एग्री - एजुकेशन एंड स्किलिंग फॉर विकसित भारत @ 2047' विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में देश के विभिन्न कृषि विश्वविद्यालयों के कुलपति, नीति निर्माता, एग्री-टेक उद्यमी, वैज्ञानिक और छात्र भाग लेंगे।

विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. पी.एस. पांडेय ने सोमवार को यहां बताया कि जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने तथा वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य के अनुरूप कृषि शिक्षा एवं कौशल विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से इस राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सम्मेलन के पहले दिन 25 सितंबर को उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी होंगे। इस दौरान नीति आयोग के कृषि सदस्य प्रो. के.वी. राजू, आयोग की परियोजना निदेशक डॉ. नीलम पटेल तथा विश्वविद्यालय द्वारा कृषि शिक्षा के भावी रोडमैप पर विचार रखें जायेंगे।

श्री पांडेय ने बताया कि 26 सितंबर को आयोजित समापन सत्र में बिहार के कृषि मंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में कार्यशाला के निष्कर्षों को साझा करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित