रुद्रपुर , जुलाई 17 -- उत्तराखंड के रुद्रपुर में 130 इन्फैंट्री बटालियन (टेरिटोरियल आर्मी) इकोलॉजिकल कुमाऊँ द्वारा पूर्व सैनिकों के लिए भर्ती रैली का आयोजन किया जा रहा है।
भर्ती आगामी 03 से 08 अगस्त तक पिथौरागढ़ में की जाएगी।
ऊधम सिंह नगर के जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने यह जानकारी देते हुए जिले के पात्र पूर्व सैनिकों से भर्ती रैली में भाग लेकर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।
श्री भदौरिया ने बताया कि भर्ती रैली के माध्यम से कुल 69 रिक्त पदों पर चयन किया जाएगा। इनमें सैनिक (जीडी) के 49 पद, रसोइया के 04, धोबी के 02, टेलर के 02, तकनीकीशियन और मिस्त्री 02, नाई 03, लोहार 01, क्लर्क का 01, कारपेंटर के 03 तथा हाउस कीपर के 2 पद शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि सैनिक (जीडी) के पद केवल उत्तराखंड के पूर्व सैनिकों के लिए आरक्षित हैं जबकि अन्य पदों पर देशभर के पात्र पूर्व सैनिक आवेदन कर सकते हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि भर्ती से संबंधित पात्रता, आयु सीमा, शैक्षिक योग्यता, चयन प्रक्रिया, नियम एवं शर्तों सहित अन्य विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी वेबसाइट पर जाकर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने सभी पात्र पूर्व सैनिकों से समय पर भर्ती रैली में पहुंचकर इसका लाभ उठाने का आह्वान किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित