कोल्हापुर , अक्टूबर 23 -- महाराष्ट्र के कोल्हापुर के पूर्व सांसद संभाजीराजे छत्रपति ने भारत यात्रा पर आए पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क से शुक्रवार को बेंगलुरु में मुलाकात की और द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान कोल्हापुर और पोलैंड के बीच बने ऐतिहासिक संबंधों पर विस्तृत चर्चा की।
उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष अगस्त में पोलैंड के एक उच्चस्तरीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने इस जिले की करवीर तहसील के वलिवड़े गांव का दौरा किया था। इस गांव में द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान पोलिश शरणार्थियों को आश्रय दिया गया था, जिसके ऐतिहासिक स्मारक पर प्रतिनिधिमंडल ने श्रद्धांजलि अर्पित की थी और प्रस्तावित 'मानवता और शांति संग्रहालय' परियोजना का निरीक्षण भी किया था।
संभाजीराजे के कार्यालय द्वारा जारी एक प्रेस बयान के अनुसार, उन्होंने प्रधानमंत्री टस्क के साथ शैक्षणिक और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के माध्यम से इन ऐतिहासिक संबंधों को मजबूत करने के साथ-साथ दोनों देशों के बीच व्यापार, उद्योग, निवेश और पर्यटन को बढ़ावा देने पर गहन चर्चा की। उन्होंने प्रधानमंत्री टस्क के साथ कोल्हापुर में पोलिश उद्योगों के लिए एक हब स्थापित करने के दृष्टिकोण को भी साझा किया।
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने निकट भविष्य में कोल्हापुर और प्रस्तावित वलिवड़े संग्रहालय का दौरा करने की अपनी इच्छा और प्रतिबद्धता व्यक्त की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित