फगवाड़ा , जून 27 -- पूर्व सांसद अविनाश राय खन्ना ने शनिवार को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात कर होशियारपुर जिले के ऊंची बस्सी सैन्य क्षेत्र से जुड़े रक्षा भूमि संबंधी मुद्दों एवं आसपास के गांवों के विकास से जुड़े मामलों पर विस्तार से चर्चा की तथा राष्ट्रीय सुरक्षा और स्थानीय विकास के बीच संतुलन बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिये।

श्री खन्ना ने रक्षा मंत्री को पूर्व सैन्य अधिकारियों कर्नल मलूक सिंह, कर्नल पी.एस. मनहास और मेजर यशपाल सिंह की ओर से सौंपे गये ज्ञापनों की जानकारी देते हुए बताया कि ऊंची बस्सी सैन्य स्टेशन के आसपास बसे गांवों के लोग लंबे समय से विभिन्न समस्याओं का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह गोला-बारूद डिपो ब्रिटिश शासन के दौरान उस समय बनाया गया था, जब आसपास आबादी बहुत कम थी। लेकिन अब क्षेत्र में कई गांव और रिहायशी कॉलोनियां बस चुकी हैं, जिससे लोगों को भवन निर्माण, मरम्मत और अन्य विकास कार्यों के लिए रक्षा विभाग से अनुमति लेने की जटिल प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है।

बैठक के दौरान श्री खन्ना ने होशियारपुर जिले के हरियाना क्षेत्र में रक्षा विभाग की लगभग 31 एकड़ अनुपयोगी भूमि पर कंप्रेस्ड बायो गैस (सीबीजी) प्लांट स्थापित करने का प्रस्ताव भी रखा। उन्होंने बताया कि भारत सरकार स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन, पराली प्रबंधन और कृषि अपशिष्ट के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए ऐसे प्रोजेक्ट्स को प्रोत्साहित कर रही है। जून 2026 में एचपीसीएल और गेल की टीमों द्वारा किए गए निरीक्षण में लगभग 15 एकड़ भूमि इस परियोजना के लिए उपयुक्त पायी गयी है।

पूर्व सांसद ने सुझाव दिया कि प्रतिबंधित रक्षा क्षेत्रों में निर्माण अनुमति की प्रक्रिया को सरल और समयबद्ध बनाया जाये। उन्होंने दीर्घकालिक समाधान के रूप में गोला-बारूद डिपो को कम आबादी वाले क्षेत्र में स्थानांतरित करने का भी प्रस्ताव रखा, ताकि राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ-साथ स्थानीय लोगों के विकास कार्य भी प्रभावित न हों। उन्होंने सेना, रक्षा संपदा विभाग, एचपीसीएल, गेल और पर्यावरण विशेषज्ञों की संयुक्त टीम द्वारा सर्वे कराने की भी सिफारिश की, जिससे आवश्यक वनस्पति हटाने और वैकल्पिक रक्षा भूमि की उपलब्धता का आकलन किया जा सके।

श्री खन्ना ने कहा कि यह परियोजना स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन, पराली की समस्या के समाधान, जैविक खाद को बढ़ावा देने और क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित