सुलतानपुर , अगस्त 22 -- उत्तर प्रदेश में सुलतानपुर जिले के लंभुआ विधानसभा क्षेत्र के पूर्व सपा विधायक संतोष पांडेय के खिलाफ दर्ज आचार संहिता उल्लंघन मामले में शनिवार को अंतिम बहस पूरी हो गई। इस मामले में फैसला 2 सितंबर को सुनाया जाएगा।

न्यायालयीय सूत्रों के मुताबिक लंभुआ विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक संतोष पांडेय पर वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान बिना अनुमति सभा आयोजित कर आचार संहिता का उल्लंघन करने का आरोप है। पुलिस ने उनके और उनके समर्थकों के खिलाफ लंभुआ और कोतवाली देहात थानों में मुकदमा दर्ज किया था। इसका मामला एमपी-एमएलए कोर्ट में चल रहा है।

शनिवार को न्यायालय के मजिस्ट्रेट शुभम वर्मा ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद फैसले के लिए 2 सितंबर की तारीख तय की है। मामले में पूर्व विधायक के अधिवक्ता संतोष पांडेय ने बहस के दौरान कहा कि पुलिस ने राजनीतिक दबाव में यह फर्जी केस दर्ज किया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित