पटना , जुलाई 31 -- बिहार में दानापुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक रीतलाल यादव को शुक्रवार को भागलपुर जेल से लाकर पटना की एक विशेष अदालत में पेश किया गया।

श्री यादव को सांसदों एवं विधायकों के आपराधिक मामलों की सुनवाई के लिए गठित विशेष अदालत में पूर्व विधायक खगौल थाना कांड संख्या 129/ 2025 में पेश करने के बाद पुन: वापस भागलपुर जेल भेज दिया गया। इस बीच विशेष अदालत में एक आवेदन दाखिल कर श्री यादव के वकील ने अपने मुवक्किल को इस मामले के निष्पादन तक पटना के बेउर जेल में स्थानांतरित किए जाने का निवेदन किया।

अदालत ने आवेदन पर सुनवाई के बाद भागलपुर कारा के अधीक्षक को यह निर्देश दिया कि यदि कोई प्रशासनिक आदेश इस संबंध में नहीं हो तो उन्हें पटना के बेउर जेल में स्थानांतरित किया जा सकता है।

गौरतलब है कि विधायक श्री यादव को बिहार सरकार के आदेश से छ: माह के लिए भागलपुर जेल में स्थानांतरित किया गया था । उक्त अवधी पूरी होने के बाद पुन: उन्हें छ: महीने के लिए भागलपुर कारा में ही रखने का आदेश सरकार ने दिया है। श्री यादव के अधिवक्ता ने अदालत को बताया कि उक्त अवधि भी अब समाप्त होने वाली है। श्री यादव के खिलाफ एमपी एमएलए की विशेष अदालत में अन्य मुकदमे भी लंबित हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित