पटना , मई 12 -- ग्रामीण विकास, सूचना एवं जन संपर्क विभाग के मंत्री सह जनता दल यूनाईटेड (जदयू) विधायक दल के नेता श्रवण कुमार ने पूर्व विधायक बागी कुमार वर्मा के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है।
मंत्री श्री कुमार ने अपने शोक संदेश में कहा है कि स्वर्गीय बागी कुमार वर्मा का राजनीतिक सफर अभूतपूर्व रहा है। उनके जाने से समाज को गहरी क्षति हुई है।
सूचना-जनसंपर्क मंत्री ने कहा कि 77 वर्ष की उम्र में बागीजी का निधन दिल्ली स्थित एम्स अस्पताल में इलाज के दौरान हो गया। जहानाबाद जिला के मखदुमपुर प्रखंड के झमन विगहा निवासी बागी कुमार वर्माजी पूर्व में बिहार सरकार के खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के मंत्री रह चुके हैं। 1995 से 2005 तक वे मखदुमपुर विधानसभा से विधायक भी रहे। उनके निधन से राजनैतिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
मंत्री ने पूर्व विधायक की आत्मा की शांति और दुख की घड़ी में शुभचिंतकों तथा परिवार के सदस्यों को शक्ति प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित