फिरोजाबाद , जून 14 -- उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जनपद के शिकोहाबाद मे शनिवार को पूर्व विधायक जगदीश सिंह के पुत्र राकेश यादव ने कथित तौर पर मानसिक तनाव के कारण अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से पहले पत्नी को गोली मारी फिर बाद में खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

दिल दहलाने वाली घटना मे दंपति की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। आज मृतक दंपति के शवों का पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस मामले में काफी गहनता से मामले की जांच कर रही है।

शिकोहाबाद के सुभाष तिराहा के समीप बनी एक कोठी में कल रात गोलियों के गड़गड़ाहट के साथ चीखपुकार मच गई। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग कोठी की तरफ भागे तो तो वहां पता चला पूर्व विधायक जगदीश सिंह के बेटे राकेश यादव (72) और उनकी पत्नी राम मूर्ति (65) लहु लुहान हालत में पड़े हैं। पास में ही राकेश यादव की लाइसेंसी रिवाल्वर भी पड़ी हुई थी। घर में मृतक दंपति की दोनों पुत्री गरिमा और प्रतिमा मौजूद थी। हादसे की सूचना पर पड़ोसी रिश्तेदार थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों को गंभीर हालत में ट्रामा सेंटर पहुंचाया जहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

राकेश यादव पुलिस में दरोगा थे किंतु बाद में उन्होंने नौकरी छोड़कर पिता के साथ सामाजिक क्षेत्र में आ गए उनके पिता कांग्रेस से शिकोहाबाद के विधायक रहे बाद में राकेश यादव ने भी जनता दल के टिकट पर मुलायम सिंह के खिलाफ चुनाव लड़ा था। राकेश यादव आदर्श कृष्ण इंटर कॉलेज के प्रबंधक भी कई वर्षों तक रहे। उनके ऊपर उनके ही परिवार के भतीजे द्वारा 420 हेराफेरी और गवन का आरोप लगाया था। जिसका मुकदमा न्यायालय में विचाराधीन है। जिसको लेकर वह काफी मानसिक तनाव में थे और उन्होंने डर लगता था कि उनके कारण दिवंगत विधायक पिता की प्रतिष्ठा भी धूमिल हो रही है। इसको लेकर में काफी परेशान रहते थे।

न्यायालय में संबंधित मामले की 12 जून को तारीख भी थी । उनके केवल दो विवाहित बेटियां गरिमा और प्रतिमा है जो उनके तनाव में होने के कारण उनके पास आजकल शिकोहावाद ही रह रही थी। बड़ी बेटी गरिमा ने उन्हें काफी समझाने का काम किया गया। उनकी पत्नी राम मूर्ति को कैंसर होने की जानकारी के बाद वह और टूट गए थे। माना जा रहा है मानसिक तनाव के बीच अपने को अकेला पाकर उन्होंने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से पहले पत्नी को गोली मारी उसके बाद खुद को गोली मार कर दोनों की जीवन लीला समाप्त कर ली गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित