मथुरा , अगस्त 07 -- पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शुक्रवार को अपने तीन दिवसीय मथुरा दौरे के दौरान वृंदावन स्थित प्रसिद्ध ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में दर्शन-पूजन किया और देश तथा विश्व में मानवता के कल्याण की कामना की।

श्री कोविंद ने मंदिर पहुंचकर ठाकुर बांके बिहारी जी के दर्शन किए और विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके अलावा उन्होंने वृंदावन के अन्य प्रमुख मंदिरों में भी दर्शन किए। पूर्व राष्ट्रपति के आगमन को लेकर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे।

दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में पूर्व राष्ट्रपति ने वृंदावन आगमन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने ठाकुर जी से प्रार्थना की है कि देश और पूरे विश्व में मानवता का कल्याण हो तथा भारत सुख-समृद्धि से भरपूर हो। उन्होंने सभी लोगों के मंगल और कल्याण की कामना की।

उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास है कि बांके बिहारी सभी की प्रार्थना सुनते हैं और सभी पर अपनी कृपा दृष्टि रखते हैं। इस दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने पूर्व राष्ट्रपति का स्वागत किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित