नयी दिल्ली , मई 19 -- स्वतंत्रता सेनानी और पूर्व स्वर्गीय डॉ. नीलम संजीव रेड्डी की 114वीं जयंती पर मंगलवार को उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गयी और उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को याद किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने देश के छठे राष्ट्रपति श्री रेड्डी के चित्र पर राष्ट्रपति भवन में श्रद्धा-सुमन अर्पित किये ।

लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने डॉ. संजीव रेड्डी की जयंती पर संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। इस कार्यक्रम में कई संसद सदस्यों, पूर्व सांसदों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी डॉ रेड्डी के चित्र पर पुष्प अर्पित किये। लोक सभा के महासचिव उत्पल कुमार सिंह एवं राज्य सभा के महासचिव पी.सी. मोदी ने भी पूर्व राष्ट्रपति को पुष्पांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम में लोक सभा सचिवालय की ओर से डॉ. नीलम संजीव रेड्डी (19 मई , 1913 - 1 जून , 1996) का संक्षिप्त जीवन परिचय देने वाली हिंदी और अंग्रेजी में प्रकाशित एक पुस्तिका गणमान्य व्यक्तियों को भेंट की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित