नोएडा , सितंबर 13 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता तथा राजस्थान एवं हिमाचल प्रदेश के पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र की पत्नी सत्यवती मिश्र का रविवार को अंतिम संस्कार किया गया।
श्रीमती मिश्र का शनिवार देर रात नोएडा के एक अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। वह पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रही थीं।
श्रीमती मिश्र के निधन की खबर से राजनीतिक, सामाजिक एवं सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। आज नोएडा सेक्टर 51 स्थित उनके आवास पर अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में शुभचिंतक, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ नेता पहुंचे तथा पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र तथा उनके परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
श्रीमती मिश्र के अंतिम दर्शन एवं शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए अनेक वरिष्ठ राजनीतिक नेता नोएडा पहुंचे। इनमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय संगठक नागेंद्र नाथ त्रिपाठी, केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, स्थानीय सांसद डॉ. महेश शर्मा, स्थानीय विधायक पंकज सिंह तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे शामिल रहे।
इसके अलावा वरिष्ठ भाजपा नेता अरुण सिंह, एमएलसी विजय बहादुर पाठक, वरिष्ठ भाजपा नेता वीरेंद्र तिवारी सहित अनेक वरिष्ठ नेता एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोग भी पहुंचे। सभी ने श्री कलराज मिश्र से मुलाकात कर शोक व्यक्त किया और श्रीमती सत्यवती मिश्र को श्रद्धांजलि अर्पित की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित