हाजीपुर , अप्रैल 17 -- पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने शुक्रवार को श्रमजीवी एक्सप्रेस से पटना-डीडीयू रेलखंड विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया।

श्री सिंह ने निरीक्षण के दौरान रेलखंड के मध्य स्टेशनों, रेल पुलों, रेलवे ट्रैक सहित संरक्षा से जुड़े पहलुओं का जायजा लिया। उन्होंने संरक्षा पर विशेष बल देते हुए इसके प्रति हमेशा चौकसी बरतने का निर्देश दिये। इसके बाद उन्होंने डीडीयू जंक्शन से परख निरीक्षण यान द्वारा चल निरीक्षण प्रारंभ किया।

महाप्रबंधक श्री सिंह ने डीडीयू जंक्शन से चुनार तक भारतीय रेल के पारंपरिक रेलमार्ग पर तथा इसके उपरांत चुनार से न्यू डगमगपुर स्टेशन तक पूर्वी डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (ईडीएफसी) रेलखंड का निरीक्षण किया तथा वहां से वापसी में भी फ्रेट कॉरिडोर लाइन से निरीक्षण किया ।

श्री सिंह ने निरीक्षण के दौरान मार्ग पर उपलब्ध रेल अवसंरचना, ट्रैक, सिग्नल व्यवस्था एवं परिचालन संबंधी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। साथ ही डीडीयू क्षेत्र से विभिन्न स्थानों पर भारतीय रेल एवं डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के मध्य कनेक्टिविटी, लिंक व्यवस्था तथा समन्वित परिचालन से जुड़े पहलुओं का भी जायजा लिया। डीडीयू जंक्शन क्षेत्र से पटना दिशा की ओर गुजरने वाली प्रस्तावित तीसरी एवं चौथी लाइन के एलाइनमेंट तथा संबंधित कार्यों को लेकर भी जायजा लिया गया।

श्री सिंह ने इसके बाद न्यू डीडीयू जंक्शन स्थित डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के नवनिर्मित रनिंग रूम का निरीक्षण किया। इस दौरान रनिंग स्टाफ के लिये उपलब्ध विश्राम कक्ष, स्वच्छ आवासीय व्यवस्था, भोजन कक्ष तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का अवलोकन किया गया। साथ ही न्यू डीडीयू जंक्शन स्थित क्रू लॉबी का भी निरीक्षण कर वहां की कार्य प्रणाली का जायजा लिया।

निरीक्षण के अंत में महाप्रबंधक श्री सिंह ने न्यू डीडीयू जंक्शन से न्यू गंजख्वाजा तक फ्रेट कॉरिडोर लाइन से निरीक्षण किया तथा वहां से भारतीय रेल के पारंपरिक ट्रैक से डीडीयू जंक्शन तक रेलखंड का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान डीडीयू मंडल के मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना सहित मंडल के संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित