हाजीपुर , मई 20 -- पूर्व मध्य रेलवे के मुख्यालय, हाजीपुर स्थित नए सम्मेलन कक्ष में लेखा विभाग की ओर से बुधवार को "वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक सम्मेलन" का आयोजन किया गया। सम्मेलन में पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह, अपर महाप्रबंधक अमरेन्द्र कुमार, प्रधान वित्त सलाहकार नीरज वर्मा, प्रधान वित्त सलाहकार/निर्माण श्रीमती वंदना शर्मा सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, विभिन्न मंडलों एवं इकाइयों से आए वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक तथा लेखा विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
सम्मेलन के मुख्य अतिथि 1988 बैच के सेवानिवृत्त आईआरएएस अधिकारी संतोष कुमार पट्टनायक थे। सम्मेलन में पूर्व मध्य रेलवे की वित्तीय स्थिति एवं विभिन्न समसामयिक विषयों पर विस्तृत परिचर्चा की गई।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक/समस्तीपुर श्री गणनाथ झा द्वारा "स्ट्रीमलाइनिंग ऑफ रिलिज्ड मटेरियल इश्यू" विषय पर प्रस्तुतीकरण दिया गया। वहीं मंडल वित्त प्रबंधक/धनबाद हर्षवर्द्धन सिंह ने "कोल पायलट पॉलिसी" तथा मंडल वित्त प्रबंधक/सोनपुर मनीष कुमार ने "मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक" विषय पर प्रस्तुतीकरण दिया।
मुख्य अतिथि श्री पट्टनायक ने "ग्रीन फाइनेंसिंग" विषय पर व्याख्यान देते हुए पारंपरिक वित्तपोषण एवं ग्रीन फाइनेंसिंग के बीच अंतर स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता को देखते हुए भविष्य ग्रीन फाइनेंसिंग का है तथा भारतीय रेल इस दिशा में निरंतर अग्रसर है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत सरकार द्वारा निर्धारित वर्ष 2070 तक "नेट जीरो" लक्ष्य प्राप्त करने के लिये रेलवे को सक्रिय रूप से कार्य करना होगा। साथ ही उन्होंने वित्त अधिकारियों को रेल परियोजनाओं में ग्रीन फाइनेंसिंग की व्यापक संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
महाप्रबंधक श्री छत्रसाल सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि ग्रीन फाइनेंसिंग एक नई एवं उभरती कार्यप्रणाली है। मुख्य अतिथि का व्याख्यान अत्यंत सारगर्भित एवं भविष्य की परियोजनाओं के लिए मार्गदर्शक है, जिसका अनुपालन रेलवे तथा देशहित दोनों के लिए महत्वपूर्ण होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित