हाजीपुर , मई 17 -- पूर्व मध्य रेलवे के प्रशासनिक एवं संस्थागत अधोसंरचना को और अधिक सुदृढ़ एवं आधुनिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने रविवार को रेलवे ऑफिसर्स क्लब, सोनपुर में नवनिर्मित होने वाले सम्मेलन एवं बैठक कक्ष के निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया।
महाप्रबंधक श्री सिंह ने निर्माण स्थल का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता, समयबद्धता एवं आधुनिक सुविधाओं के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराना रेलवे प्रशासन की प्राथमिकता है। प्रस्तावित सम्मेलन एवं बैठक कक्ष के निर्माण से प्रशासनिक बैठकों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, परिचर्चाओं एवं विभिन्न आधिकारिक आयोजनों के संचालन में सुविधा एवं दक्षता बढ़ेगी।
श्री सिंह ने कहा कि आधुनिक आधारभूत संरचना का विकास किसी भी संगठन की कार्यक्षमता को नई दिशा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि रेलवे ऑफिसर्स क्लब, सोनपुर में बनने वाला यह सम्मेलन एवं बैठक कक्ष अधिकारियों के मध्य समन्वय, संवाद एवं संस्थागत गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने में सहायक सिद्ध होगा।
इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक एवं मुख्यालय के अन्य विभागाअध्यक्ष तथा सोनपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अमित सरन एवं मंडल के सभी शाखा अधिकारीगण उपस्थित रहे।अधिकारियों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे संगठनात्मक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। कार्यक्रम के दौरान निर्माण कार्य से संबंधित योजनाओं एवं प्रस्तावित सुविधाओं की जानकारी भी महाप्रबंधक महोदय को दी गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित