हाजीपुर , फरवरी 12 -- पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने गुरूवार को रेलवे कॉलोनी, कोनहाराघाट, हाजीपुर में अमृत भारत रेलवे स्टेडियम के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर महाप्रबंधक श्री सिंह ने कहा कि भारतीय रेल केवल यातायात सेवा ही नहीं, बल्कि सामाजिक एवं मानवीय विकास के लिए भी प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि खेल गतिविधियाँ कर्मचारियों में टीम भावना, अनुशासन एवं स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करती हैं। यह स्टेडियम खेल प्रतिभाओं को निखारने एवं उन्हें मंच प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

अमृत भारत रेलवे स्टेडियम का निर्माण लगभग रुपए 7.14 करोड़ की लागत से किया जाएगा। इस परियोजना के अंतर्गत विद्युत व्यवस्था, ड्रॉइंग एवं अन्य आवश्यक अवसंरचनात्मक कार्य संपन्न किए जाएंगे। स्टेडियम में क्रिकेट एवं फुटबॉल के लिए आधुनिक एवं भव्य मैदान विकसित किए जाएंगे, जिससे रेलवे कर्मचारियों, उनके परिवारों एवं स्थानीय युवाओं को उत्कृष्ट खेल सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। यह परियोजना अमृत भारत की भावना के अनुरूप आधुनिक, सुदृढ़ एवं समावेशी रेलवे अवसंरचना के विकास का प्रतीक है।

इस अवसर पर सोनपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अमित सरन सहित मुख्यालय, हाजीपुर के विभागाध्यक्ष एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित