बाराबंकी , मार्च 30 -- उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री और तीन बार विधायक रहे संग्राम सिंह वर्मा का 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वह पिछले एक सप्ताह से लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती थे, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही जनपद में शोक की लहर दौड़ गई। राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। संग्राम सिंह वर्मा बाराबंकी में कुर्मी समाज के प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते थे। वह प्रदेश सरकार में कृषि राज्य मंत्री और रेशम उद्योग मंत्री के पद पर रह चुके थे। उन्होंने तीन बार विधायक के रूप में जनता का प्रतिनिधित्व किया और लंबे समय तक सक्रिय राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

दिग्गज नेता बेनी प्रसाद वर्मा के बाद उन्होंने कुर्मी समाज में अपनी अलग पहचान बनाई और संगठनात्मक स्तर पर मजबूत पकड़ बनाए रखी। अपने राजनीतिक जीवन में उन्होंने समय-समय पर दल परिवर्तन भी किया। वर्ष 2017 में उन्होंने भाजपा का दामन थामा, जबकि वर्ष 2022 में समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए थे। अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए उन्होंने 50 लाख रुपये का योगदान दिया था, जिसके लिए उन्हें व्यापक सराहना मिली थी। उनके निधन को जिले की राजनीति में एक युग के अंत के रूप में देखा जा रहा है। समर्थकों और शुभचिंतकों में शोक और संवेदना का माहौल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित